देहरादून। पुरूष उत्तराखंड प्रीमियर लीग में सोमवार को टिहरी टाइटंस और यूएसएन इंडियन के बीच बारिश से बाधित हुए मैच में डीएलएस विधि से टिहरी टाइटंस ने छह विकेट से जीता।
सोमवार को राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में पहला मैच टिहरी टाइटंस और यूएसएन इंडियन के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी यूएसएन इंडियन की टीम 5 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 56 रन के स्कोर पर खेल रही थी, तभी अचानक बारिश होने से मैच बाधित हो गया। जिस कारण आगे का खेल नहीं हो पाया। डीएलएस विधि से मैच पांच-पांच ओवर कर दिया गया। अभिषेक ने 23, अवनीश सुधा ने नाबाद 13, विषाल कश्यप ने 8, सचिन भाटी ने 2 व प्रतीक पांडे ने नाबाद 7 रन बनाए। टिहरी टाइटंस के लिए जगदीश सिंह, तेजेंद्र सिंह व शिवा सोनी ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में खेलने उतरी टिहरी टाइटंस ने 5 ओवर में चार विकेट गंवाकर 68 रन बनाए और मैच जीत लिया। विजय शर्मा ने 29, करन कौशल व आर्यन शर्मा ने 11-11, शोभित सरीन ने नाबाद 4 रन बनाए। यूएसएन इंडियन की ओर से भव्या सिंह ने 2, राजन कुमार ने एक विकेट झटका।





