चमोली
पुलिस अधीक्षक चमोली श्री सर्वेश पंवार ने आगामी उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा–2025 (21 सितम्बर 2025) को पूर्णत: निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराये जाने हेतु वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं संबंधित पुलिस अधिकारियों की बैठक ली।
बैठक में एसपी चमोली ने परीक्षा को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए प्रत्येक स्तर पर विशेष सतर्कता एवं सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। चमोली पुलिस ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि परीक्षा शुरू होने से एक दिन पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों पर जाकर सीसीटीवी कैमरे, जैमर, टॉयलेट व अन्य व्यवस्थाओं की पूरी तरह से जांच की जाए।
परीक्षा से पूर्व जनपद के होटलों में चेकिंग अभियान चलाकर सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई बाहरी व्यक्ति परीक्षा में शामिल होने की नीयत से न ठहरे। सभी कोचिंग सेंटर्स में पुलिस टीम विजिट कर निगरानी रखेगी, जिससे किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित गतिविधि को रोका जा सके।
परीक्षा के दिन सभी फोटोस्टेट एवं प्रिंटआउट की दुकानें पूर्ण रूप से बंद रहेंगी। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के दौरान सभी परीक्षार्थियों की गहन चेकिंग (फ्रिस्किंग) की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या प्रतिबंधित सामग्री भीतर न ले जाई जा सके।
एसपी चमोली ने स्पष्ट कहा कि “परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता से कोई भी समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। चमोली पुलिस परीक्षा को शांतिपूर्ण व नकलविहीन कराने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।”





